शाह मामले से कांग्रेस का कुछ भी लेना-देना नहीं : सिब्बल
लखनऊ में रविवार को कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए सिब्बल ने कहा कि अमित शाह को कांग्रेस ने अभियुक्त नहीं बनाया, बल्कि सीबीआई ने उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। इसलिए कांग्रेस पार्टी का इससे कुछ भी लेना-देना नहीं है।
सिब्बल ने कहा कि यह कहना सरासर गलत है कि सीबीआई ने कांग्रेस के इशारे पर ऐसा किया है। सीबीआई देश की स्वतंत्र जांच एजेंसी है। उसने शाह को सम्मन जारी किया, उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया और उन्हें आरोपी बनाया।
भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) का आरोप है कि शाह के खिलाफ आरोप पत्र पहले से ही तैयार कर लिया गया था। इस पर सिब्बल ने चुटकी लेते हुए कहा कि हम लोग सरकार के हिस्से हैं, लेकिन हमें इस बारे में कुछ नहीं पता। लेकिन सरकार के बाहर रह कर भाजपा को सब कुछ पता है।
भाजपा नेताओं द्वारा शाह को निर्दोष बताए जाने पर सिब्बल ने कहा कि शाह बेगुनाह हैं या नहीं यह तय करना अदालत का काम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications