छोटे और मझोले उद्योगों में विश्वास बढ़ा : सीआईआई
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में छोटे और मझोले उद्योगों (एसएमई) की बिक्री और कार्यक्षमता में वृद्धि दर्ज की गई है।
सीआईआई द्वारा एसएमई के लिए बनाया गया जुलाई - सितंबर 2010 कारोबारी विश्वास सूचकांक (बीसीआई) 65.6 अंक के ऊंचे स्तर पर रहा है।
कुल 14 सूचकांकों पर आधारित तिमाही समीक्षा के मुताबिक सेवा क्षेत्र की एसएमई में बीसीआई सूचकांक 66.1 अंक और औद्योगिक क्षेत्र की एसएमई में 65.6 अंक पर रहा है।
एसएमई क्षेत्र में हालांकि लागत में वृद्धि के कारण चिंता बनी हुई है।
सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा, "विश्वास सूचकांक से एसएमई क्षेत्र के लिए भविष्य की तिमाहियों के लिए माहौल का अनुमान लगाया जाता है और इससे प्राप्त संकेतों के जरिए जरूरी नीतिगत उपाय किए जाते हैं।"
सर्वे में कहा गया कि कर्ज की लागत बढ़ने के बावजूद इस क्षेत्र में कर्ज की मांग बढ़ी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications