गैस रिसाव के बाद फॉक्सकॉन इंडिया का संयंत्र बंद
चेन्नई, 25 जुलाई (आईएएनएस)। मोबाइल फोन से सब्ांद्ध सामान बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन इंडिया के सुनगुवारचत्रम स्थित संयंत्र में शुक्रवार को जहरीली गैस के रिसाव के बाद उसे बंद कर दिया गया है।
तमिलनाडू सरकार ने अधिकारियों द्वारा चेन्नई से 45 किलोमीटर दूर स्थित इस संयंत्र की संपूर्ण जांच होने तक इसे बंद करने का आदेश दिया है।
शुक्रवार को यहां अज्ञात जहरीली गैस का रिसाव होने से बीमार हुए 37 मजदूरों को श्री रामचंद्र चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया था।
ताइवान के फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी समूह की कंपनी फॉक्सकॉन इंडिया तमिलनाडु में तीसरी सबसे ज्यादा औद्योगिक रोजगार देने वाली कंपनी है। हुंडई मोटर इंडिया और नोकिया के बाद इसके 7,000 कर्मचारी हैं। कंपनी के इस संयंत्र में 500 कर्मचारी कार्यरत हैं।
डीएमके पार्टी के श्रम संगठन से जुड़े फॉक्सकॉन इंडिया के श्रमिक संघ के अध्यक्ष सी. वी. एम. पी. एझिलारासन ने कहा, "शुक्रवार को करीब दो बजे भोजन के बाद यहां छह महिला कर्मचारियों के बेहोश होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था इसके बाद दूसरी पाली को रद्द कर दिया गया था। तीसरी पाली में जब कुछ मजदूर बेहोश हो गए तब बाकी मजदूर भी बाहर आ गए।"
श्रीपेरंबदूर स्थित अस्पताल लाए गए 235 लोगों के लिए पर्याप्त सुविधाएं न होने से पुलिस की मदद से कुछ मरीजों को श्री रामचंद्र चिकित्सा केंद्र ले जाया गया।
एझिलारासन ने कहा, "एयर कंडीशनिंग पाइपों में कीटनाशक डाले जाने के कारण यह घटना हुई है।"
उन्होंने कहा, "हमने कंपनी के अधिकारियों से कहा है कि विशेषज्ञों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जांच कराने और हरी झंडी मिलने के बाद ही यहां से उत्पादन शुरू किया जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications