एटीएम लूटने के आरोप में 2 पुलिसकर्मी गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 25 जुलाई(आईएएएस)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में तीन पुलिसकर्मी ही एक बैंक की एटीएम मशीन उखाड़कर लूट ले गए। मामले का खुलासा होने के बाद दो पुलिसकर्मियों को एटीएम मशीन और रुपयों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी पुलिसकर्मी फिलहाल फरार है।
गिरफ्तार सिपाही संदीप कुमार और शैलेंद्र सिंह ने पुलिस के सामने एटीएम लूटने की बात कबूल करते हुए बताया कि संजीव नाम का एक अन्य सिपाही भी घटना में शामिल था।
तीनों सिपाहियों ने शनिवार देर रात कचहरी के निकट लगे कार्पोरेशन बैंक का एटीएम उखाड़ा और उसे लूट ले गए। एटीएम मशीन में करीब नौ लाख रुपये थे। मामला का खुलासा एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखने के बाद हुआ।
शाहजहांपुर के पुलिस उपाधीक्षक राजेश चौरसिया ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा गया तो उसमें एक सिपाही संदीप का हुलिया पहचान में आ गया। इसके बाद उसके घर पर दबिश देकर एटीएम मशीन और नौ लाख रुपये बरामद कर लिए गए। सिपाही शैलेंद्र भी वहीं मौजूद था। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
चौरसिया ने बताया कि दोनों से पूछताछ के आधार पर फरार सिपाही संजीव को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
चौरसिया ने कहा कि एटीएम लूट में शामिल पाए जाने के बाद पुलिस महानिरीक्षक बरेली रेंज ने तीनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications