ज्योति बसु को पसंद था पास्ता
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। दिवंगत कम्युनिस्ट नेता ज्योति बसु 23 साल तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री रहे लेकिन जब उनके पसंदीदा खाने की बात होती है तो पता चलता है कि वे दिल से पूरी तरह बंगाली नहीं थे। बसु यूरोपीय खाने के शौकीन थे। उनकी पोती मल्लिका बसु कहती हैं कि उनकी सबसे पसंदीदा चीजें 'पास्ता, सलाद और सूप' थीं।
पाक कला पर किताब लिखने वाली मल्लिका ने आईएएनएस से कहा, "दादू को पश्चिमी खाना पसंद था, घर में अक्सर वे मुझे पास्ता बनाने को कहते थे। उन्हें सब्जियों का सूप भी बहुत पसंद था।"
जनवरी में दिवंगत हुए बसु वैसे मांसाहारी खाने में सावधानी बरतते थे। मल्लिका कहती हैं कि वे बहुत ही सावधानी से पकाया गया नरम मांस ही खाते थे।
हार्पर कॉलिंस द्वारा प्रकाशित मल्लिका की किताब 'मिस मसाला: रियल इंडियन कुकिंग इन विजी लिविंग' का शुक्रवार को राजधानी में विमोचन किया गया। इस किताब में मल्लिका ने बहुत उत्साह और चतुराई के साथ खाना बनाने के तरीके सिखाए हैं।
ज्योति बसु की तीन पोतियों में से सबसे बड़ी मल्लिका का जन्म कनाडा में हुआ था। मल्लिका ने भारतीय खाना बनाने के आनंद को इंग्लैड में स्नातक की पढ़ाई के दौरान महसूस किया।
मल्लिका ने कहा, "मुझे उस समय लगा कि मैं केवल चिकिन टिक्का मसाला या इसी तरह का कुछ खाकर जी नहीं सकती, तब मैनें खाने की और चीजों के बारे में किताबें ढूढ़नी शुरू कीं। मैंने अपनी मां को सैकड़ों अंतर्राष्ट्रीय कॉल सिर्फ खाने की चीजें जानने के लिए किए। तब मां ने मुझे भारतीय महिला एसोशिएशन की एक कुकबुक भेजी। मैंने खुद ही सीखना शुरू किया और 10 साल बाद मैं भारतीय खाने में पूरी तरह महारथी हो गई।"
"करीब ढाई साल पहले मैंने अपने ब्लाग के जरिए अपनी बहन और दोस्तों को भारतीय खाना बनाने के तरीके बताना शुरू किए और इसके बाद में दुनिया भर में भारतीय खाने की असली छवि प्रस्तुत करने के काम में जुट गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications