मूसलाधार बारिश से मुंबई जाने वाली कई ट्रेने रद्द
मुंबई। महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश होने से कोंकण रेल सेवा बाधित हुई जिससे कई रेलगाड़ियों को रद्द करना पड़ा। कोंकण रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि रत्नागिरी जिले के निवसार गांव के निकट शनिवार और रविवार को मधुसागर एक्सप्रेस के 400 से अधिक यात्रियों को दूसरी रेलगाड़ी से भेजा गया।
उन्होंने कहा, "पटरियों पर मिट्टी जमा हो जाने से उसे आगे तक नहीं ले जाया जा सका।" एक अधिकारी ने बताया कि रेलगाड़ी में सवार यात्रियों को लगभग 40 बसों के माध्यम से पास के ही अदावली रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया जहां से दूसरी रेलगाड़ी द्वारा उन्हें भेजा गया।
प्रवक्ता ने बताया, "पिछले दो दिनों के दौरान क्षेत्र में लगभग 500 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश होने से हमारे लिए पटरियों को सही रखने में समस्याएं खड़ी हो रही हैं।"
दिवा और रत्नागिरी के बीच चलने वाली दिवा-सावंतवाडी रेलगाड़ी रविवार को रद्द कर दी गई। कोंकण रेलवे ने मडगांव-सावंतवाडी, मुंबई सीएसटी-मडगांव जनशताब्दी एक्सप्रेस और मुबंई एलटीटी-मंगलौर मत्स्यगंधा एक्सप्रेस को भी रद्द कर दिया।
ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और मुंबई में लगातार सातवें दिन बारिश जारी रही। कोंकण क्षेत्र की सभी बड़ी नदियां सावित्री, वशिष्ठ, जगबूदी और सोरद तथा पश्चिमी घाट की अन्य नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के नजदीक पहुंच गया है जिससे आस-पास के गावों के लिए खतरा पैदा हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications