मिग दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी ज़िले में स्थित भोटपुट्टी गांव में आज भारतीय वायु सेना का लड़ाकू विमान मिग-27 दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
यह दुर्घटना सुबह साढ़े दस बजे विमान के उड़ान भरने के कुछ मिनट के भीतर हुई.
इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि पॉयलट सहित 25 लोग घायल हो गए. घायलों में पांच की हालत गंभीर है.
पुलिस महानिदेशक (उत्तरी बंगाल) रणवीर कुमार ने पीटीआई को बताया, "हादसे के समय अपने खेत में काम कर रहे एक किसान की मौत हो गई. विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 25 लोग घायल हुए हैं जिनमें 5 की हालत गंभीर है."
भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने नई दिल्ली में बताया कि मिग-27 विमान हाशिमारा एयर बेस से उड़ान भरा और उड़ान भरने के कुछ समय के भीतर ही यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
जिस जगह पर दुर्घटना हुई है, वह इस एयर बेस से 25 किलोमीटर दूरी पर स्थित है.
पिछले कुछ सालों में मिग-21 लड़ाकू विमान लगातार दुर्घटनाओं का शिकार होते रहे हैं. इंजन में ख़राबी की वजह से साल 2001 से लेकर अब तक कुल 12 मिग विमान दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं.
पिछले एक दशक में मिग-21 हादसों में लगभग सौ से अधिक वायुसेना पायलटों की मौत हो चुकी है.












Click it and Unblock the Notifications