'पीएफआई की मंशा केरल को मुस्लिम बहुल राज्य बनाना'
नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन ने शनिवार को कहा कि प्रतिबंधित अतिवादी मुस्लिम संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की मंशा केरल को अगले 20 वर्षो में मुस्लिम बहुल राज्य बनाना है।
अच्युतानंदन ने संवाददाताओं को बताया, "लक्ष्य हासिल करने के लिए यह प्रतिबंधित संगठन युवाओं को आकर्षित करने के लिए पैसे लुटा रहा है और उन्हें हथियार मुहैया करा रहा है। वे अन्य समुदाय के युवाओं को भी धर्म-परिवर्तन के लिए उकसा रहे हैं और मुस्लिम लड़कियों से विवाह के लिए मना रहे हैं।"
मुख्यमंत्री ने यह बयान इसलिए दिया है, क्योंकि उनकी वाम जनतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने प्रतिबंधित संगठन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई शुरू की है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने पिछले दिनों पैगम्बर मोहम्मद के बारे में कथित तौर पर अनादरपूर्ण बात लिखने के कारण एक कालेज प्राध्यापक का हाथ काट लिया था।
प्रतिबंधित संगठन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई को उचित बताते हुए अच्युतानंदन ने कहा कि पुलिस पीएफआई के कार्यकर्ताओं पर कड़ी नजर रख रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications