अमित शाह ने इस्तीफा दिया: मोदी (लीड-1)
सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले में आरोपों से घिरने के बाद से शाह सार्वजनिक नहीं हुए हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा सम्मन भेजे जाने के बावजूद शुक्रवार को वह सीबीआई के सामने पेश नहीं हुए थे। सीबीआई ने उनके खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया है।
मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में शाह के इस्तीफा देने की जानकारी दी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "अमित शाह ने अपना इस्तीफा मेरे बंगले पर पहुंचा दिया है। मैं गुजरात लौटने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरा करूंगा और उनका इस्तीफा स्वीकार करूंगा।"
उन्होंने अपने इस सहयोगी को पूरी तरह निर्दोष बताया। मोदी ने कहा, "अमित शाह संपूर्ण रूप से निर्दोष हैं। उन पर लगाए गए आरोप मनगढ़ंत हैं। हमे न्याय व्यवस्था में पूरा भरोसा है। हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।"
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने शाह को फंसाने का षड़यत्र रचा है। उन्होंने कहा, "गुजरात में वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सोहराबुद्दीन को 'नेशनल हीरो' के रूप में प्रस्तुत किया। परंतु राज्य की जनता ने कांग्रेस को जवाब दे दिया। अब कांग्रेस उसी का बदला लेने के लिए अमित शाह को फंसा रही है।"
मोदी के करीबी माने जाने वाले शाह पर शेख की 'फर्जी मुठभेड़' में शामिल पुलिसकर्मियों को फोन करने का आरोप है। राज्य पुलिस का दावा है कि शेख लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी था। गुजरात के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने शेख को 26 नवंबर 2005 को एक कथित मुठभेड़ में मार गिराया था। उसकी पत्नी कौसर बी तभी से लापता है।
इस वर्ष 12 जनवरी को सर्वोच्च न्यायालय ने इस मुठभेड़ में शामिल गुजरात और राजस्थान के पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया थ। इस संबंध में इसी साल एक फरवरी को मामला दर्ज किया गया था। अब तक इस मामले में 15 पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications