अमित शाह ने इस्तीफा दिया
नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले में आरोपों से घिरने के बाद गुजरात के गृह राज्यमंत्री अमित शाह ने इस्तीफा दे दिया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा सम्मन भेजे जाने के बावजूद शुक्रवार को वह सीबीआई के सामने पेश नहीं हुए थे।
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में शाह के इस्तीफा देने की जानकारी दी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "अमित शाह ने अपना इस्तीफा मेरे बंगले पर पहुंचा दिया है। मैं गुजरात लौटने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरा करूंगा और उनका इस्तीफा स्वीकार करूंगा।"
उधर, सीबीआई के समक्ष खुद हाजिर होने की बजाय शाह ने अपने वकील मितेश अमीन को भेजा था। मोदी के करीबी माने जाने वाले शाह पर शेख की फर्जी मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों को फोन करने का आरोप है। राज्य पुलिस का दावा है कि शेख लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी था। गुजरात के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने शेख को 26 नवंबर 2005 को एक कथित फर्जी मुठभेड़ में मार गिराया था। उसकी पत्नी कौसर बी तभी से लापता है।
इस वर्ष 12 जनवरी को सर्वोच्च न्यायालय ने इस कथित फर्जी मुठभेड़ में शामिल गुजरात और राजस्थान के पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया थ। इस संबंध में एक फरवरी को मामला दर्ज किया गया था। अब तक इस मामले में 15 पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications