बिना वाहन के ढोए गए 900 क्विंटल अनाज!
पटना, 24 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के नियंत्रक महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि वर्ष 2007 में आई बाढ़ के दौरान 3,115 क्विंटल अनाज स्कूटर, जीप और मोटरसाइकिल से ढोकर बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचा दिए गए। यही नहीं, करीब 900 क्विंटल अनाज बिना वाहन के ही ढोए गए। यह अद्भुत कार्य राज्य के खगड़िया जिले में हुआ।
कैग की रिपोर्ट में बताया गया है कि खगड़िया जिले में अनाजों के उठाव के लिए जिन वाहनों की निबंधन संख्या दिखाई गई है, जांच के दौरान या तो वे नहीं मिले और अगर मिले भी तो वे निबंधन संख्या स्कूटर, मोटरसाइकिल और जीप की हैं।
रिपोर्ट के अनुसार जो वाहन अस्तित्व में नहीं थे, उन पर करीब 891 क्विंटल अनाज ढोए गए। इसके अलावा मोटरसाइकिल से 274़15 क्विंटल, जीप से 97 क्विंटल, स्कूटर पर 92.49 क्विंटल, ट्रैक्टर पर 1402़ 55 क्विंटल तथा छोटे ट्रक पर 357 क्विंटल अनाज की ढुलाई की गई।
रिपोर्ट में आशंका व्यक्त की गई है कि जाली ट्रक नंबरों से जो अनाज की ढुलाई का ब्योरा दिया गया है, वह हुई ही नहीं और 25 लाख रुपये के 3115़.66 क्विंटल अनाज की ढुलाई का दावा झूठा हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार यह मामला अगस्त से अक्टूबर 2007 के बीच मानसी रेलवे स्टेशन से ढुलाई का है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गत शुक्रवार को विधानसभा में यह रिपोर्ट पेश की थी। रिपोर्ट में हालांकि कहा गया है कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) से जब इस मामले में पूछा गया तो उसने कहा कि ये वाहन खगड़िया जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए थे।
उल्लेखनीय है कि राज्य में भारतीय खाद्य निगम ही विभिन्न योजनाओं में अनाज का उठाव करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications