भाजपा का सीबीआई विरोध न्यायसंगत नहीं : चिदंबरम
नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने शनिवार को कहा कि गुजरात के मंत्री अमित शाह के विरुद्ध केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा आरोप पत्र तय किए जाने का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिस तरह विरोध कर रही है, वह न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को अपना विरोध जनवरी में ही जताना चाहिए था, जब सर्वोच्च न्यायालय ने 2005 में अपराधी सोहराबुद्दीन शेख की हत्या की जांच का निर्देश दिया।
राष्ट्रीय विकास परिषद की बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से पूछा, "भाजपा को जनवरी में ही अमित शाह के पक्ष में बोलना चाहिए। वह अब नाराज क्यों है?"
चिदंबरम ने कहा, "यह सर्वोच्च न्यायालय का निर्देश है और कम से कम भाजपा नेता अरुण जेटली को तो इसे अवश्य पढ़ना चाहिए। वह स्वयं वकील हैं। उन्हें इस मामले को जनवरी में ही उठाना चाहिए था, इस समय क्यों उठा रहे हैं?"
उल्लेखनीय है कि शाह ने शनिवार को गुजरात के गृह राज्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। सीबीआई को वर्ष 2005 में हुई कथित फर्जी मुठभेड़ में 37 वर्षीय सोहराबुद्दीन शेख और उसकी पत्नी की हत्या में शाह की भूमिका की जांच करनी है।
भाजपा ने शाह के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए जाने को कांग्रेस की 'वोट बैंक राजनीति' का हिस्सा बताया और शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा दिए गए भोज का बहिष्कार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications