मिग-27 विमान दुर्घटनाग्रस्त, मलबे में दबने से एक की मौत (लीड-2)
भारतीय वायुसेना (आईएएफ) और पुलिस ने बताया कि हाशीमारा हवाईपट्टी से सुबह 10:30 बजे उड़ा यह विमान 11 बजे मोइनागुड़ी पुलिस थाने के जोरपुखरी गांव में गिरा।
विमान का मलवा यहां करीब 500 मीटर के इलाके में फैल गया।
पुलिस महानिरीक्षक (उत्तर बंगाल) आर. कुमार ने कहा कि विमान का एक हिस्सा एक मकान से जा टकराया, जिससे भोलेंद्रनाथ नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मलबा गिरने से 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है और चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इन्हें उत्तर बंगाल चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि बाकी लोगों का इलाज जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल में किया जा रहा है। घायलों में सात बच्चे हैं।
शिलांग में वायुसेना के पूर्वी कमांड मुख्यालय में वायुसेना के प्रवक्ता रंजीव साहू ने कहा कि घटना के दौरान पायलट स्क्वॉड्रन लीडर साकेत वर्मा पैराशूट के जरिए विमान से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे।
उन्होंने कहा कि पायलट ने हाशमीरा हवाईपट्टी से उड़ान भरी थी। वह पैराशूट के जरिए दुर्घटना वाले स्थान से 10 किलोमीटर दूर सप्तबारी हाई स्कूल के खेल मैदान में उतरे। उनकी सप्तबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक चिकित्सा की गई।
साहू ने आईएएनएस से कहा, "वायुसेना ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।"
दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले विमान का संपर्क कंट्रोल रूम से टूट गया था। इस साल यह चौथा मिग विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications