गोवा में युवा नेता पर हमले की निंदा
कांग्रेस के युवा नेता सुनील कौथंकर पर शुक्रवार रात अज्ञात लोगों ने एक बड़े पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें उनका दांत टूट गया और चेहरे पर कई जगह चोट लग गई।
सत्ताधारी पार्टी के नेताओं, पुलिस और माफियाओं के बीच सांठगांठ को लेकर कौथंकर ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी से शिकायत की थी। इसके बाद एक हफ्ते के भीतर उन पर यह हमला हो गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के महासचिव गोविंद पवर्तकर ने आईएएनएस को बताया, "हमें उम्मीद है राहुल गांधी को इसका एहसास होगा कि उनके युवा नेता पर सार्वजनिक हित के समर्थन में खड़ा होने पर यह हमला हुआ है।"
उन्होंने कहा,"गोवा में नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले में सांठगांठ को लेकर कौथंकर द्वारा शुरू किए गए अभियान का भाजपा समर्थन कर रही थी।"
पवर्तकर ने कहा,"मैंने गोवा में कांग्रेस शासन की तरह अराजकता कभी नहीं देखी। कांग्रेस के युवा नेता के अपराध के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हीं की सरकार होने के बावजूद उन पर हमला हो रहा है।"
राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष संकल्प अमोनकर ने कहा है कि पुलिस को कौथंकर पर हमला करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए।
अमोनकर ने कहा, "पुलिस को अपना काम करना चाहिए। हम ऐसे में शांत नहीं बैठेंगे। हमारे लोगों पर इस तरह से हमला हो रहा है। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications