विवाह से पहले ब्रिटेन में गिरफ्तार हुआ पाकिस्तानी युवक
पाकिस्तानी अब्दुल मजीद और उनकी दुल्हन 22 वर्षीय एंद्रेई कैलीजोवा को आव्रजन अधिकारियों ने उनके विवाह से ठीक पहले मैनचेस्टर के एक रजिस्ट्रार कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। मजीद पर ब्रिटेन में रहने का अधिकार प्राप्त करने के लिए साजिश रचने का आरोप है।
जब प्रत्यक्षदर्शियों ने ऑक्सफोर्डशायर रजिस्ट्रार कार्यालय से हाथों में हथकड़ी पहने दूल्हा-दुल्हन को निकलते देखा तो वे विस्मित रह गए। समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक दोनों से पूछताछ की गई और उन्हें अदालत में पेशी से पहले दो दिन सलाखों के पीछ गुजारने पड़े।
कैलीजोवा को मैनचेस्टर मजिस्ट्रेट अदालत से जमानत मिल गई है जबकि मजीद को सितंबर में क्राउन अदालत में पेश होने तक हिरासत में रखने का आदेश दिया गया है।
वैसे उनके वकील का कहना है कि दोनों ही वास्तव में विवाह करना चाहते थे। उन्होंने आरोपों का खंडन किया है।
ब्रिटेन के आव्रजन मंत्री डेमियन ग्रीन ने इस सप्ताह की शुरुआत में ही झूठी शादियों का भंडाफोड़ करने की घोषणा की थी। उन्होंने यूके बॉर्डर एजेंसी से ऐसे मामलों में जांच का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि सरकार यह संकेत देगी कि ब्रिटेन में अब गैर कानूनी रूप से आने वाले लोग यहां नहीं टिक सकेंगे।
ब्रिटेन में फर्जी शादियों का आंकड़ा 2009 में अचानक ही बढ़ कर 529 हो गया था। इसमें 2008 के आंकड़े से 54 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
गैर यूरोपीय संघ के विदेशियों से यूरोपीय संघ के नागरिकों के विवाह करने से उन्हें इस देश में बसने में मदद मिलती है और ब्रिटिश नागरिकों जैसे ही अधिकार मिल जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications