वित्तीय परीक्षण में बैंक मजबूत साबित हुए: यूरोपीय संघ
इस परीक्षण के जरिए बैंकों की वित्तीय हालत का जायजा लिया गया है। यूरोपीय नेताओं ने इस परीक्षण के परिणामों को सार्वजनिक करने की मांग की थी ताकि यूरोप में बैंकों की स्थिति को लेकर चल रही आशंकाएं दूर हो सकें।
पिछले साल अमेरिका ने भी बैंकों के परीक्षण के परिणामों को प्रकाशित किया था।
यूरोप की बैंकिंग पर्यवेक्षक समिति (सीईबीएस), यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) और यूरोपीय आयुक्त (ईसी) ने कहा, "परिणामों से साबित हुआ है कि यूरोपीय बैंकिंग तंत्र मजबूत स्थिति में है और बाजार में विश्वास बढ़ाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।"
सीईबीएस के मुताबिक लंदन की एक संस्था द्वारा कराए गए इस परीक्षण में पता चला है कि यदि यूरोपीय अर्थव्यवस्था में दोबारा मंदी गहराती है और सरकारी बांड्स के मूल्य में कमी आती है तो 91 प्रमुख बैंकों में से 7 बैंक उनके लिए नियत कुल देनदारियों की छह प्रतिशत राशि पूंजी के रूप में संरक्षित नहीं रख पाएंगे।
यूरोपीय बाजार बंद होने के बाद सीईबीएस द्वारा जारी किए गए गए एक बयान के मुताबिक असफल होने वाले सात बैंक ग्रीक का एटीई, जर्मनी का हाइपो रियल एस्टेट (एचआरई) और स्पेन के काजासर, सिविका, दायदा, एस्पिगा और यूएनएनआईएम हैं।
इस परीक्षण में छह प्रतिशत पूंजी की न्यूनतम सीमा इस विचार के आधार पर तय की गई है कि इस सीमा से कम पूंजी होने पर बैंक अपनी सभी देनदारियों का प्रबंधन करने में असफल रहेंगे। जबकि कानूनी रूप से यह सीमा चार प्रतिशत है।
सीईबीएस, ईसीबी और ईसी ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि परीक्षण में असफल हुए बैंक अपना पूंजी आधार बढ़ाने के लिए बाजार से पूंजी जुटाएं या सरकार के राहत कोष से राशि एकत्र करें।
सीईबीएस ने कहा कि एचआरई बैंक को छह प्रतिशत के न्यूनतम पूंजी आधार तक पहुंचने के लिए 1.245 अरब यूरो (1.6 अरब डॉलर) की राशि जुटानी होगी जबकि एटीई को 24.26 करोड़ यूरो जुटाने होंगे।
स्पेनिश बैंकों में दायदा को 1.03 अरब यूरो, एस्पिगा को 12.7 करोड़ यूरो, बैंका सिविका को 40.6 करोड़ यूरो, यूएनएनआईएम को 27 करोड़ यूरो और काजासर को 20.8 करोड़ यूरो की जरूरत पड़ेगी। इन पांच बैंकों के लिए कुल 2.04 अरब यूरो की आवश्यकता है।
इससे पहले शुक्रवार को यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने स्पेनिश बैंकों की बचाव योजना की समीक्षा की थी जिसमें उन्होंने स्पेन की सरकार को व्यक्तिगत आधार पर ऋणप्रदाताओं को राहत देने की अनुमति दी है।
बैंक ऑफ स्पेन के गवर्नर मिगेल एंजेल फर्नाडिस ने कहा कि स्पेन के हालात बाकी यूरोप से बदतर नहीं है। इस परीक्षण के परिणामों की बाकी देशों के बैंकों से तुलना नहीं की जा सकती क्योंकि केवल स्पेन ने ही अपने सभी बैंकों के संबंध में जानकारी जमा की है।
स्पेन के स्थानीय बैंक यहां हाउसिंग क्षेत्र को हुए नुकसान के कारण कमजोर हो गए हैं। यहां कि कई बड़ी निर्माण कंपनियां कर्ज से प्रभावित हुई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications