फायरिंग के आरोप में शिक्षक हिरासत में
चण्डीगढ़, 23 जुलाई (आईएएनएस)। हवा में गोलियां चलाने और पुलिस से गलत व्यवहार करने के आरोप में यहां के एक कॉलेज शिक्षक को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 40 वर्षीय हरनेक सिंह पंजाब के अमृतसर के एक शासकीय कॉलेज में अध्यापक है। वह छुट्टियां बिताने के लिए सेक्टर 34 स्थित अपने माता-पिता के घर आया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "वह गुरुवार रात 10 बजे के करीब अपने कुत्ते को घुमाने के लिए बाहर निकला था। तभी एक कार उसके कुत्ते के एकदम नजदीक से गुजरी।"
हरनेक उतावली में कार चलाने पर उसमें बैठे लोगों पर चिल्लाने लगा।
उसके बाद अपने घर से रिवॉल्वर लेकर बाहर आया और हवा में गोलियां चलाने लगा। उनकी यह हरकत देख कार में बैठे लोग डरकर वहां से भाग गए।
हरनेक नशे की हालत में था उसने पुलिसकर्मी से भी दुर्व्यवहार किया और उसका साथ देने से इंकार कर दिया।
पुलिस अधिकारी उदयपाल ने आईएएनएस को बताया, "हमने पूछताछ के लिए हरनेक को हिरासत में लिया है। हम उसे चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल ले गए। हथियार जब्त कर लिया गया है।"
दूसरी ओर शिक्षक के परिवार का आरोप है कि पुलिस आरोपियों का बचाव कर रही है और उन्हें परेशान कर रही है।
हरनेक के पिता निछत्र सिंह का कहना है, "मेरे बेटे ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। पुलिस दोषियों को गिरफ्तार करने की बजाए हरनेक को पुलिस स्टेशन ले गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications