कश्मीर में फिर लगे सुरक्षा संबंधी प्रतिबंध
श्रीनगर, 23 जुलाई (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में अलगाववादियों के विरोध प्रदर्शन और जुलूस निकालने के आह्वान के मद्देनजर शुक्रवार को फिर सुरक्षा संबंधी प्रतिबंध लगा दिए गए।
सैयद अली शाह गिलानी के नेतृत्व वाले हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े ने मानिवाधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में प्रदर्शन करने और श्रीनगर में खानकाह-ए-मौला मस्जिद तक जुलूस निकालने का आह्वान किया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर में पुराने शहर के कुछ इलाकों में जानमाल का नुकसान रोकने के लिए ये प्रतिबंध लगाए गए हैं।"
दक्षिणी कश्मीर में भी अलगाववादियों के प्रस्तावित बंद की वजह से प्रतिबंध लगाए गए हैं। उत्तरी कश्मीर के सोपोर, हंडवाड़ा और बंदीपोरा में कर्फ्यू लगाया गया है। घाटी के कई स्थानों में शैक्षणिक संस्थान, सार्वजनिक यातायात, बैंक, डाकघर, बाजार और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे।
वैसे गिलानी सहित कई अलगाववादी अभी तक हिरासत में हैं। उन्हें पिछले महीने जनसुरक्षा अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल उन्हें चश्मा शाही इलाके में कड़ी सुरक्षा के भीतर रखा गया है।
गौरतलब है कि बीते एक महीने से कश्मीर घाटी में तनाव है। बीते 11 जून से जारी हिंसा में 14 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications