9/11 का वीडियो देखने पर पिता-बेटे को विमान से उतारा
टोरंटो, 23 जुलाई (आईएएनएस)। टोरंटो के पियर्सन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेरिका के लिए उड़ान भरने वाले एक विमान से एक कनाडाई व्यक्ति और उसके जवान बेटे को इसलिए उतार दिया गया, क्योंकि दोनों 9/11 के आतंकवादी हमले की वीडियो देख रहे थे।
फ्लोरिडा के ओरलैंड के लिए जाने वाले विमान के चालक दल को एक अन्य यात्री ने इसकी सूचना दी। यात्री ने देखा कि लड़का आईपॉड पर ट्विन टॉवर में टकरा रहे विमान का दृश्य देख रहा था।
पिता और बेटे को बुधवार को विमान से उतार दिया गया और सुरक्षा एजेंसियां ने दोनों से पूछताछ की। बाद में हवाई के सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को यह कहते हुए बरी कर दिया कि दोनों का कृत्य आपराधिक नहीं है।
हवाई अड्डा क्षेत्र के पुलिस अधिकारी सामंत नुले ने बताया, "दोनों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया और वे दूसरे विमान से अमेरिका के लिए रवाना हुए।"
हवाई अड्डा के अधिकारियों के अनुसार विमान के उड़ान भरने से पहले ही दोनों 9/11 आतंकवादी हमले की वीडियो देखते हुए पाये गए थे।
हवाई अड्डा के प्रवक्ता पीटर फिट्जपैट्रिक ने बताया, "चालक दल और अन्य यात्री इससे चिंतित हो गए थे।"
उन्होंने बताया, "पिता-बेटे को बुधवार सुबह विमान से उतार लिया गया और जांच पूरी होने के बाद बुधवार सुबह उन्हें जाने की अनुमति दे दी गई।"
फिट्जपैट्रिक ने कहा, "यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है और सुरक्षित व आरामदायक वातावरण मुहैया कराने के लिए हम सभी जरूरी कदम उठाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications