बिहार में नक्सलियों ने ग्रामीणों को अगवा किया
पटना, 23 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के दरियांवा थाना क्षेत्र में संदिग्ध नक्सलियों ने एक ही परिवार की एक महिला समेत चार सदस्यों को अगवा कर लिया हालांकि बाद में महिला को छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार देर रात 40-50 की संख्या में नक्सलियों ने तेंदुआ गांव में धावा बोलकर राजेश्वर सिंह, उनकी पत्नी और उनके दो पुत्रों को अगवा कर लिया। बाद में राजेश्वर सिंह की पत्नी को छोड़ दिया गया।
पुलिस ने बताया कि राजेश्वर सिंह और उसके भाई बीरेन्द्र सिंह में काफी दिनों से भूमि विवाद चल रहा है। पुलिस ने संभावना व्यक्त की है कि इसी भूमि विवाद के कारण नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
रोहतास के पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस महीने की शुरुआत में भी नक्सलियों ने कैमूर जिले से भी 11 लोगों को अगवा कर लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications