मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर छात्र की पिटाई
इटावा, 23 जुलाई(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में कथित तौर पर मोबाइल का इस्तेमाल करने के आरोप में विद्यालय के शिक्षकों ने एक छात्र को इस कदर पीटा कि वह बेहोश हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जिला प्रशासन ने जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षकों के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
आरोप है कि जिले के भरथना स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 12वीं के छात्र राकेश कुमार को प्रधानाचार्य ए.के. त्रिपाठी के कार्यालय में उनके सामने ही शिक्षकों ने जमकर पीटा।
इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने घायल छात्र को गुपचुप ढंग से अस्पताल में भर्ती करा दिया। छात्र के परिजनों को भी घटना के बारे में सूचना नहीं दी गई।
राकेश को विद्यालय के शिक्षकों ने गुरुवार को परिसर में मोबाइल फोन से बात करते हुए पकड़ा था, लेकिन मामला शुक्रवार को तब उजागर हुआ जब राकेश के दोस्तों ने गुपचुप तरीके से स्थानीय पत्रकारों को जानकारी दी। इसके बाद पत्रकारों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घटना से अवगत कराया।
इटावा के उप-जिलाधिकारी ए.के.अवस्थी ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि यह गंभीर मामला है। घटना की व्यापक जांच की जरूरत है। प्रारंभिक जांच में विद्यालय के शिक्षकों द्वारा छात्र को पीटने की बात सामने आई है।
अवस्थी ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मदद से मामले की जांच की जा रही है। हम जल्द ही शासन को रिपोर्ट सौंप देंगे, ताकि दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications