गिरफ्तार जासूस के पास है पहचानपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस
लुधियाना, 23 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी जासूस होने के संदेह में गुरुवार को गिरफ्तार किए गए निजाम बख्श के पास एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक पहचान पत्र भी है। वह संदीप कुमार के नाम से पंजाब में पिछले पांच वर्षो से रह रहा था।
अदालत ने बख्श को तीन दिन की पुलिस पर भेजा है। उसे औद्योगिक नगरी के पुराने शहरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि वह 'रक्षा संबंधी' जानकारियां पाकिस्तान को भेजता था।
मामले के जांच अधिकारी मनजिंदर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "अदालत ने बख्श को 25 जुलाई तक के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा है। जांच के दौरान पुलिस ने हाथ से बनाए गए कई नक्शे, सेना एवं वायुसेना स्टेशनों की तस्वीरें, चार मोबाइल फोन तथा रक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।"
पुलिस के मुताबिक बख्श पाकिस्तान के थानेवाल जिले का रहने वाला है। वह कोरियर सेवा के जरिये पाकिस्तान को रक्षा संबंधी जानकारियां भेजता था।
सिंह ने बताया कि बख्श ने स्वीकार किया है कि 2005 में भारत में प्रवेश करने से पहले उसने पाकिस्तान में प्रशिक्षण लिया था। वह यहां रीयल एस्टेट एजेंट के तौर पर रह रहा था। वह चण्डीगढ़ सहित पंजाब के कई शहरों में रह चुका है।
उल्लेखनीय है कि चण्डीगढ़ पुलिस ने 12 दिन पहले एक अन्य पाकिस्तानी जासूस काशिफ अली को गिरफ्तार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications