पूर्व पीएफ अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नवी मुंबई के क्षेत्रीय भविष्य निधि के पूर्व आयुक्त के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए एक निजी कंपनी को लाभ पहुंचाया, जिस कारण सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
सीबीआई के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया, "सरकार को 24.91 करोड़ रुपये के हुए नुकसान के कारण वाशी क्षेत्र के भविष्य निधि के तत्कालीन आयुक्त (द्वितीय) ई.एस. संजीव राव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस समय वह ठाणे में पदस्थापित हैं।"
प्रवक्ता ने बताया कि राव के अलावा वाशी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के विधि प्रवर्तन अधिकारी डी.एम. अंबोकर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। अंबोकर पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग किया और चेंबुर (मुंबई) स्थित प्रतिभा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशकों एवं सलाहकारों के साथ आपराधिक षड्यंत्र में शामिल हुए।
मामले के ब्योरे के अनुसार प्रतिभा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अलावा नवी मुंबई नगर निगम के अज्ञात अधिकारियों और नगर एवं औद्योगिक विकास निगम (सीआईडीसीओ) तथा ईपीएफओ के अधिकारियों ने सांठगांठ कर फर्म को अवैध तरीके से लाभ पहुंचाया, जिससे सरकार को 24.91 करोड़ की क्षति हुई।
प्रवक्ता के मुताबिक राव, अंबोकर एवं प्रतिभा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशकों के कर्यालय तथा आवास से आवश्यक दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications