मंत्रियों के लिए 'तय समय' पर कार्यालय जाना जरूरी नहीं
नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। मंत्रियों के लिए 'तय समय' पर कार्यालय जाना जरूरी नहीं है। यह बात मंत्रिमंडलीय सचिव ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता को दी जानकारी में कही है।
देव आशीष भट्टाचार्य ने आरटीआई के तहत दिए आवेदन में पूछा था कि "क्या प्रत्येक मंत्री के लिए जरूरी है कि वह अपने कार्यालय पहुंचें?" प्रधानमंत्री कार्यालय में 22 मार्च को दिए गए इस आवेदन को मंत्रिमंडलीय सचिवालय में भेज दिया गया।
सवाल के जवाब में मंत्रिमंडलीय सचिवालय के संयुक्त सचिव एवं पुनर्विचार मामले के प्रथम अधिकारी राजीव कुमार ने कहा, "ऐसा कोई नियम नहीं है कि कोई मंत्री तय समय पर कार्यालय पहुंचें।"
भट्टाचार्य ने आईएएनएस को बताया, "इस जवाब का अर्थ यह हुआ कि रेल मंत्री ममता बनर्जी, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री ए.के. अलागिरी जो क्रमश: काफी समय से कोलकाता तथा तमिलनाडु में हैं और दिल्ली स्थित कार्यालय में नहीं जा रहे हैं तो नियम के अनुसार उनसे इस विषय पर सवाल नहीं किया जा सकता।"
आरटीआई कार्यकर्ता ने कहा, "मैंने यह आवेदन इसलिए दिया, क्योंकि मुझे ताज्जुब हो रहा था कि कुछ मंत्री अपने कार्यालय में कभी दिखाई नहीं दिए। मैंने जानना चाहा कि इस बारे में कोई नियम है या नहीं।"
उन्होंने पूछा, "जब मंत्री भारी वेतन ले सकते हैं और सरकार से अनुलाभ भी तो वे अपने कार्यालय में उपस्थित होकर अपने मंत्रालय के कार्य क्यों नहीं देख सकते?"
भट्टाचार्य ने यह भी कहा, "संसद का मानसून सत्र 26 जुलाई को शुरू होने जा रहा है, अब देखना है कितने मंत्री सत्र में पहुंचते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications