शाह के खिलाफ जांच प्रभावित कर रही है भाजपा : कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने शुक्रवार को कहा कि गुजरात के गृह मंत्री अमित शाह का नाम इस मामले में आने के बाद भाजपा नेताओं द्वारा इस मसले पर संवाददाता सम्मेलन करना पूरी तरह गैर जिम्मेदाराना कार्रवाई है।
सिंघवी ने कहा, "यह पूरी तरह जांच को प्रभावित करने के लिए दबाव डालने का मामला है। शाह के बचाव के लिए अपनाया गया यह अशिष्ट तरीका है.. यह पूरी तरह से न्यायालय की अवमानना है।"
सोहराबुद्दीन शेख की हत्या के मामले में गुजरात के गृह राज्य मंत्री अमित शाह के नाम सीबीआई द्वारा सम्मन जारी किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के साथ बेहतर माहौल बनाने के लिए आयोजित किया गया भोज का कार्यक्रम रद्द कर दिया।
वरिष्ठ भाजपा नेता सुषमा स्वराज और अरुण जेटली ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करके कहा कि सरकार भाजपा नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। शाह के खिलाफ राजनीतिक कारणों से जांच शुरू की गई है।
भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए सिंघवी ने कहा कि जांच के संबंध में भाजपा का बयान पूरी तरह बेतुका और आधारहीन है। उन्होंने कहा, "इस कार्रवाई के जरिए भाजपा ने पूरी तरह असंवैधानिक और अनुचित रास्ता अपनाया है।"
उन्होंने इस मामले को आधार बनाते हुए, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा संसद के मानसून सत्र के आरंभ होने से पूर्व आज दिए गए भोज का निमंत्रण ठुकराने के भाजपा नेताओं के निर्णय की भी आलोचना की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications