कश्मीर में नागरिकों की मौत पर रिपोर्ट मांगी
नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय
मानवाधिकार आयोग ने शुक्रवार को गृह सचिव से 19 अगस्त तक रिपोर्ट तलब की है, जिसमें जम्मू एवं कश्मीर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा आम नागरिकों के मारे जाने का ब्योरा मांगा गया है।
आयोग ने यह कार्रवाई वार्ता एवं सामंजस्य केंद्र की सुशोभा बर्वे की शिकायत पर शुरू की।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने यह शिकायत गृह सचिव को भेजी है, जिसमें जम्मू एवं कश्मीर के ताजा हालात पर ध्यान आकृष्ट किया गया है और कहा गया है कि बच्चों सहित कई लोग सीआरपीएफ द्वारा मार दिए गए हैं।"
आयोग ने बताया, "हमने गृह सचिव से 19 अगस्त तक जवाब भेजने का आग्रह किया है।"
उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी में हिंसक प्रदर्शनों के दौरान 11 जून से अब तक सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 55 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications