फैजल से मिला था हकीमुल्लाह
समाचार एजेंसी स्काई न्यूज ने शुक्रवार को खबर दी है कि वीडियो फुटेज में पहली मई के विफल हमले के पूर्व शहजाद और महसूद किसी स्थान पर एक दूसरे से हाथ मिलाते और आपस में गले लगते दिखाई देते हैं।
वीडियो में शहजाद को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "आज तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के नेता हकीमुल्लाह महसूद के साथ और आमिर अल-मुमिनीन मुल्लाह मोहम्मद उमर मुजाहिद के नेतृत्व में हम तुम्हारी धरती पर एक हमले की योजना तैयार कर रहे हैं, इंशा अल्लाह।"
एक मुख्य संघीय न्यायालय ने पिछले महीने शहजाद को टाइम्स स्क्वे यर विफल बम हमले के मामले में 10 आरोपों में निरुद्ध किया है। इसमें अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद को अंजाम देने की कोशिश और जनसंहार के हथियार का इस्तेमाल करने संबंधी आरोप शामिल हैं।
शहजाद (30) को आरोपित किए जाने के बाद न्याय विभाग की ओर से जारी एक बयान के अनुसार उसके ऊपर लगाए गए छह आरोपों में उसे अधिकतम आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। इनमें दो आरोप ऐसे भी हैं, जिनमें आजीवन कारावास की सजा सुनिश्चित है।
अटार्नी जनरल एरिक होल्डर ने कहा, "इस आरोप पत्र के कथित तथ्यों से पता चलता है कि पाकिस्तानी तालिबान ने अमेरिकी धरती पर हमले की कोशिश के लिए फैजल शहजाद को सुविधाएं मुहैया कराई थी।"
आरोप पत्र के अनुसार शहजाद को विस्फोटक परीक्षण और धन संभवत: तहरीक-ए-तालिबान से जुड़े लोगों से प्राप्त हुआ था।
ज्ञात हो कि पाकिस्तान में पैदा हुआ अमेरिकी नागरिक शहजाद, टाइम्स स्क्वेयर में विस्फोटक भरे वाहन को उड़ाने की कोशिश करने का आरोपी है।
उसे इस घटना के दो दिनों बाद उस समय न्यूयार्क के जॉन एफ.केनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया था, जब वह एक उड़ान से पाकिस्तान भागने की कोशिश में था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications