आतंकवाद पर भारत के साथ बात करेंगे मुलेन
अधिकारियों के अनुसार, मुलेन गुरुवार रात भारत पहुंचे। वह शुक्रवार शाम को एंटनी के साथ बातचीत करेंगे। उनका राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज जाने का भी कार्यक्रम है।
मुलेन यहां राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन और भारतीय सेना के शीर्ष अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि बातचीत अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र से उपजे आतंकवाद पर केंद्रित होगी।
मुलेन ने कहा कि भारतीय नेताओं के साथ उनकी चर्चा का मुख्य विषय आतंकवाद रहेगा।
दिल्ली पहुंचने से पहले उन्होंने कहा, "अमेरिका और भारत के साझा हित हैं विशेषकर आतंकवाद को लेकर।"
उन्होंने कहा, "हम दोनों ने आतंकी हमलों को झेला और अपने लोगों को खोया है।"
मुलेन ने कहा कि वर्ष 2008 में मुंबई पर हुए हमलों के आरोपी पाकिस्तानी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को लेकर वह चिंतित हैं क्योंकि वह एक क्षेत्रीय और वैश्विक खतरे के रूप में उभर रहा है।
राष्ट्रपति बराक ओबामा की नवंबर में प्रस्तावित भारत यात्रा से पहले भारत और अमेरिका के बीच सैन्य संबंधों को बढ़ाना उनके एजेंडे में है।
मुलेन ने कहा कि पिछले 20 वर्षो के दौरान भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग में बहुत तेजी से वृद्धि हुई है।
हाल के दिनों में भारत दौरा करने वाले वह दूसरे अमेरिकी शीर्ष अधिकारी हैं। अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक की दो दिवसीय यात्रा गुरुवार को समाप्त हुई।
भारत दौरे के बाद मुलेन पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications