नेपाल हवाईअड्डे पर भारतीय महिला की अचानक मौत
काठमांडू, 23 जुलाई (आईएएनएस)। अपने बेटे के साथ छुट्टियां बिताने के लिए नेपाल पहुंची मुंबई की 47 वर्षीय महिला की यहां हवाईअड्डे पर अचानक मृत्यु हो गई। महिला स्वदेश लौटने के लिए विमान का इंतजार कर रही थी।
अपने बेटे रौनक के साथ काठमांडू में त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर स्वदेश लौटने के लिए जेट एयरवेज के विमान का इंतजार कर रही महिला गुरुवार को अचानक बीमार हो गई। उस समय वह हवाईअड्डे के वेटिंग रूम में थी।
उसे अचानक चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे हवाईअड्डे पर प्राथमिक चिकित्सा देने का कोई फायदा नहीं हुआ। जब उसका बेटा और हवाईअड्डा कर्मचारी उसे काठमांडू मेडीकल हॉस्पिटल ले जा रहे थे, तब उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मां की इस तरह अचानक हुई मौत से हैरान और परेशान रौनक को अपने घर फोन करके अपने परिवार के अन्य सदस्यों से यहां आने के लिए कहना पड़ा।
अस्पताल अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि मृतक महिला के परिजन गुरुवार शाम तक आ गए थे और शव उनके हवाले कर दिया गया है।
अब शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद परिजन चाहें तो काठमांडू में अंतिम संस्कार कर सकते हैं या शव को मुंबई ले जा सकते हैं।
नेपाल में छुट्टियां बिताने पहुंचे पर्यटकों के साथ हुआ यह इस तरह का दूसरा मामला है।
हाल ही में एक दंपति अपने दो बच्चों के साथ नेपाल छुट्टियां बिताने पहुंचे थे। उनकी तीन वर्षीय बेटी की जकूजी (बहुत बड़ा स्नानागार) में डूबकर मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications