विप्रो का शुद्ध मुनाफा 31 प्रतिशत बढ़ा (लीड-2)
देश की तीसरी सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी विप्रो ने कहा कि दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में कंपनी की सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं से आय पहली तिमाही के मुकाबले 5.1 प्रतिशत बढ़कर 1.3 अरब डॉलर हो जाएगी। पहली तिमाही में कंपनी की यह आय 1.2 अरब डॉलर रही है।
विप्रो के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी ने अपने एक बयान में कहा, "दूसरी तिमाही के लिए हमारा अनुमान इस क्षेत्र में पहली तिमाही में तेजी से बढ़ी मांग को दर्शाता है। हमें उम्मीद है कि हमारे सूचना प्रौद्योगिकी व्यापार की आय दूसरी तिमाही में 125.3-127.7 करोड़ डॉलर रहेगी।"
कंपनी का यह अनुमान अमेरिकी डॉलर के मौजूदा मूल्य 45.68 रुपये पर आधारित है।
नियामक को दी गई जानकारी में कंपनी ने कहा की चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में कंपनी का शुद्ध लाभ 1,319 करोड़ रुपये रहा। इसमें सालाना आधार पर 31 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि तिमाही में कंपनी की कुल आय पिछले साल के मुकाबले 16.6 प्रतिशत बढ़कर 7,236 करोड़ रुपये हो गई है।
अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय मानकों के तहत वित्त वर्ष में कंपनी की शुद्ध आय 28.4 करोड़ डॉलर और कुल राजस्व 1.56 अरब डॉलर रहा।
अंतर्राष्ट्रीय मानकों के तहत कंपनी के वैश्विक सूचना प्रौद्योगिकी सेवा व्यापार के राजस्व में 16.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 1.2 अरब डॉलर रहा। वहीं, रुपये में यह 55 अरब रुपये रहा।
विप्रो के कार्यकारी निदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी सुरेश सेनापति ने कहा, "कंपनी ने मुद्रा के स्थिर मूल्य पर आधारित अनुमान के अनुरूप प्रदर्शन किया है। पहली तिमाही में कंपनी ने 4.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।"
सेनापति ने कहा, "मुद्रा मूल्य में परिवर्तन के कारण भी हमें मुनाफे में 60 आधार अंकों का लाभ हुआ है।"
उन्होंने कहा, "कंपनी की कुल आय में सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं का हिस्सा 76 प्रतिशत है। कंपनी की ऑपरेटिंग आय 93 प्रतिशत रही है जबकि सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं में कंपनी की ऑपरेटिंग आय 25 प्रतिशत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications