'पंजाब के आतंकियों और आईएसआई के निशाने पर राष्ट्रमंडल खेल'
चण्डीगढ़, 23 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में अक्टूबर में आयोजित होने वाला राष्ट्रमंडल खेल पंजाब के आतंकवादियों और दूसरे देशों में बैठे उनके समर्थकों, मसलन पाकिस्तान के आईएसआई के निशाने पर है।
यह खुलासा पंजाब पुलिस की खुफिया रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट को देखते हुए पंजाब में पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है, "पाकिस्तान स्थित सिख आतंकवादी सरगनाओं पर आईएसआई का जबरदस्त दबाव है। आईएसआई चाहती है कि वे भारत में तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दें। इसे देखते हुए सिख आतंकवादी नेताओं ने राष्ट्रमंडल खेलों से पहले बम धमाके करने की तैयारी की है।"
आईएएनएस को इस गुप्तचर रिपोर्ट की एक प्रति प्राप्त हुई है। इसमें कहा गया है, "खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के आतंकवादी रंजीत सिंह नीता द्वारा उपलब्ध कराया गया 15 किलोग्राम आरडीएक्स तीन खेप में पाकिस्तान से भारत लाने की तैयारी है।"
"पहले खेप के तहत आरडीएक्स राजपुरा क्षेत्र में लाया गया था। इस मामले में पुलिस ने फिरोजपुर जिले के प्यारा सिंह के पास से इसे जब्त किया था। पहले खेप का आरडीएक्स फिरोजपुर जिले के लोहरा नवाब गांव के सूरत सिंह के घर में छुपाकर रखा गया था। सूरत सिंह खालिस्तान कमांडो फोर्स के आतंकवादी बलबीर सिंह भूतना का सहयोगी है।"
पंजाब पुलिस के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि दूसरे खेप के अंतर्गत आरडीएक्स नवानशेर/बालाचौर क्षेत्र में एक व्यक्ति को दिया जाना है जबकि तीसरे खेप के अंतर्गत आरडीएक्स हरियाणा के सिरसा के रास्ते भारत पहुंचना है।
तीसरे खेप के आरडीएक्स को भारत लाने का एक खास मकसद है। इसे सिरसा जिले में स्थित डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ उपयोग में लाया जाना है।
पंजाब के आतंकवादी रहीम की उस हरकत से बेहद नाराज हैं, जिसमें उन्होंने खुद को सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह के तौर पर पेश करने का प्रयास किया था। इस संबंध में पंजाब के आतंकवादी रहीम पर वर्ष 2007 में एक बार हमला कर भी चुके हैं।
गुप्तचर रिपोर्ट में कहा गया है, "विदेशों में रहने वाले सिख आतंकवादी हमले करने के लिए बेसब्र और उत्सुक हैं और वे जल्द ही भारत में घुसने का प्रयास करने वाले हैं।"
भारत में घुसने के लिए तैयार आतंकवादियों में ब्रिटेन का बलविंदर सिंह, फ्रांस में रह रहा जस्सी, अमेरिका में रहने वाला राणा प्रमुख हैं। राणा स्वर्ण मंदिर में कट्टर सिख साहित्य बेचने वाले सुखदेव सिंह से लगातार संपर्क में रहता है। यही नहीं, वह पिछले वर्ष पंजाब के राष्ट्रीय सिख संगत के अध्यक्ष रुल्दा सिंह की हत्या में शामिल पम्मा से भी संपर्क में है।
रिपोर्ट में कहा गया है, "अगर ब्रिटेन, फ्रांस और अमेरिका में रहने वाले चार आतंकवादी भारत में घुसने में नाकाम रहे तो रंजीत सिंह नीता खुद यहां पहुंचने का प्रयास करेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications