चीनी, जर्मन नृत्यांगनाएं पेश करेंगी कथक, कथकली
नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली में दो से चार अगस्त तक आयोजित होने जा रहे एक अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव में मलेशिया और दक्षिण अफ्रीका की नृत्यांगनाएं भरनाट्यम, चीनी नृत्यांगना कथक और जर्मनी की नृत्यांगना कथकली नृत्य की प्रस्तुति देंगी।
भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) द्वारा कमानी सभागार में आयोजित इस महोत्सव में मलेशिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, रूस, जर्मनी, चीन और मॉरीशस के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
मलेशिया के रामली इब्राहिम समूह की प्रस्तुति 'सूत्र डांस' से महोत्सव की शुरुआत होगी। प्रख्यात भारतीय कथक नृत्यांगना स्वाति सेन के निर्देशन में सात कलाकारों की अलग-अलग प्रस्तुति से महोत्सव का समापन होगा।
आईसीसीआर के अध्यक्ष करन सिंह दो अगस्त को महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
आईसीसीआर के महानिदेशक सुरेश गोयल कहते हैं, "महोत्सव 2010 पिछले साल जैसा ही होगा। पिछले साल की तरह ही इस बार भी विदेशी मूल के कलाकारों को भारत की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों के लिए आमंत्रित किया गया है। इस साल दुनियाभर से कलाकार आएंगे। भारताय शास्त्रीय संगीत की विधाएं, खासकर भरतनाट्यम विदेशों में बहुत प्रसिद्ध है। दुनियाभर के कलाकार भारतीय और पश्चिमी नृत्य विधाओं से बहुत मोहक फ्यूजन प्रस्तुतियां तैयार कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications