अमित शाह को फंसाया जा रहा है: सुषमा
नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। बहुचर्चित सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी मुठभेड़ मामले में आरोपों से घिरे गुजरात के गृह राज्यमंत्री अमित शाह का बचाव करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि केंद्र सरकार के इशारे पर शाह को फंसाया जा रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर शुक्रवार दोपहर संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का दुरुपयोग करके शाह को फंसा रही है।
सुषमा के साथ संवादाता सम्मेलन में राज्यसभा मे विपक्ष के नेता अरुण जेटली और पार्टी महासचिव रविशंकर प्रसाद भी मौजूद थे। जेटली ने भी केंद्र सरकार पर सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी माने जाने वाले शाह पर शेख की फर्जी मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों को फोन करने का आरोप है। राज्य पुलिस का दावा है कि शेख लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी था। गुजरात के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने शेख को 26 नवंबर 2005 को एक कथित फर्जी मुठभेड़ में मार गिराया था। उसकी पत्नी कौसर बी तभी से लापता है।
इस वर्ष 12 जनवरी को सर्वोच्च न्यायालय ने कथित फर्जी मुठभेड़ में शामिल गुजरात और राजस्थान के पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया। इस संबंध में एक फरवरी को मामला दर्ज किया गया। अब तक इस मामले में 15 पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications