अफगानिस्तान में भारत की भूमिका कम नहीं होगी : हॉलब्रुक
अफगानिस्तान में शांति के लिए विवादास्पद प्रस्ताव में तालिबान और पाकिस्तान की बढ़ी हुई भूमिका पर उठाए गए सवाल पर हॉलब्रुक ने कहा, "भारत की भूमिका कम नहीं की जा रही है, यह नंबर गेम नहीं है।"
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष दूत हॉलब्रुक ने कहा कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान या तालिबान के हाथों में नहीं जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में स्थिरता लाने में पाकिस्तान की महत्वपूर्ण भूमिका है लेकिन वह इस देश के पुननिर्माण में भारत की भूमिका को कम नहीं कर सकता।
हॉलब्रुक ने कहा, "आप पाकिस्तान के बिना अफगानिस्तान में स्थिरता नहीं ला सकते और अफगानिस्तान में समस्याओं के समाधान और स्थिरता लाने में भारत की भी बड़ी भूमिका है।"
हॉलब्रुक काबुल में एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर भारत आए।
बुधवार रात को उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन से अफगानिस्तान में बदलते सत्ता संतुलन के बीच भारत की भूमिका के संबंध में बातचीत की।
अफगानिस्तान की पुनर्गठन और शांति प्रक्रिया में पाकिस्तान की बढ़ती भूमिका पर भारत की चिंताओं के बाद हॉलब्रुक इस दौरे पर आए हैं।
भारत ने मंगलवार को काबुल सम्मेलन में कहा था कि 'अफगानियों द्वारा, अफगानियों के नेतृत्व में' ही शांति और एकीकरण की प्रक्रिया चलाई जाए और इस कार्य के लिए दुनिया को ज्यादा समावेशी और पारदर्शी होने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications