हेडली के खुलासों के सार्वजनिक होने से अमेरिका परेशान
वाशिंगटन, 22 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई हमले के अभियुक्त डेविड कोलमैन हेडली से पूछताछ में हुए खुलासों के सार्वजनिक होने से अमेरिका ने नाखुश होने के संकेत दिए हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता पी. जे. क्राउले ने बुधवार को कहा, "हम विधि व्यवस्था और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और अमेरिका के आपसी सहयोग को महत्व देते हैं। यह बहुत महत्वपूर्ण है।"
हेडली के खुलासे सार्वजनिक होने पर अमेरिका की नाराजगी से जुड़ी खबरों पर सवाल के जवाब में प्रवक्ता ने कहा, "यह दोनों देशों की जिम्मेदारी है। हमें उम्मीद है कि दोनों अपनी जिम्मेदारियों को सही ढंग से निभाएंगे।"
हेडली के खुलासे के अनुसार मुंबई हमले की साजिश में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की भूमिका पर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन के बयान पर क्राउले ने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। यद्यपि उन्होंने कहा कि भारतीय गृह सचिव जी. के. पिल्लै और मेनन के हेडली के खुलासे संबंधी बयानों से अवगत हैं।
क्राउले ने कहा, "मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि दोनों देशों के बीच संबंध बहुत महत्वपूर्ण हैं। हमारे संबंध बहुआयामी हैं। यह दोनों के लिए महत्वूपर्ण है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications