राष्ट्रमंडल खेल : अंग्रेजी सीख रहे हैं हिमाचल के पर्यटक गाइड
शिमला, 22 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली में इस वर्ष अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हिमाचल प्रदेश आने वाले विदेशी पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए यहां के पर्यटक गाइडों को अंग्रेजी सिखाई जा रही है।
राज्य सरकार को उम्मीद है कि तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान विशेषतौर से ब्रिटेन से काफी पर्यटक यहां पहुंचेंगे। ऐसे में विदेशी पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए गाइडों को अंग्रेजी के साथ-साथ उनके साथ सलीके से पेश आने की कला सिखाई जा रही है।
राज्य के मुख्य पर्यटन केंद्र शिमला, धर्मशाला, कसौली, डलहौजी, धरमपुर, दगसाई और सबाथू में खेलों के दौरान बड़ी संख्या में ब्रिटिश पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
पर्यटन निदेशक अरूण शर्मा ने बताया, "मुख्य पर्यटन स्थलों के पंजीकृत गाइडों को अंग्रेजी सिखाई जा रही है, जिससे कि वे पर्यटकों द्वारा मांगी जा रही आवश्यक जानकारी का जवाब दे सकें। हम उन्हें मुख्य तौर पर अंग्रेजी बोलना सिखाने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उन्हें पर्यटकों के साथ सलीके से पेश आने की कला भी सिखाई जा रही है।"
शर्मा ने बताया कि पहले चरण में राजधानी शिमला के 40 पर्यटक गाइडों को अंग्रेजी का ज्ञान दिया गया है। शर्मा ने कहा, "अंग्रेजी भाषा सिखाने के दौरान गाइडों को शिमला में स्थित प्रमुख ऐतिहासिक धरोहरों और भवनों से भी परिचित करवाया जा रहा है ताकि वे पर्यटकों को सही जानकारी दे सकें।"
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जल्दी ही अन्य पर्यटन स्थलों पर चलाया जाएगा जिनमें प्रमुख रूप से धर्मशाला, चंबा, डलहौजी, मनाली, कसौली और कालपा शामिल हैं।
राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत से पहले राज्य के कुल 200 गाइडों को प्रशिक्षित किया जाएगा। अभी ये गाइड बमुश्किल ही अंग्रेजी भाषा का प्रयोग करते हैं।
एक पर्यटक गाइड ने बताया, "प्रशिक्षण लेने से पहले मैं बमुश्किल ही अंग्रेजी में उत्तर दे पाता था। अब मैं अग्रेजी शब्दों के प्रयोग पर ध्यान दे रहा हूं। अभी तक मैं ठीक तरह से बोल नहीं पा रहा हूं लेकिन मैं सुधार कर रहा हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications