गांवों में जागरूकता के लिए चैनल की जरूरत : जोशी
गुरुवार को नई दिल्ली में ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित 'स्थानीय प्रशासन का सुदृढ़ीकरण तथा ग्रामीण विकास की गतिशीलता' विषय पर आयोजित कार्यशाला में विचार रखते हुए जोशी ने कहा कि जब तक गांवों के लिए बनाई गई केंद्रीय योजनाओं और कानूनों की सही जानकारी ग्रामीणों को नहीं मिलेगी और वे जागरूक नहीं होंगे, तब तक उसका लाभ उन्हें नहीं मिल पाएगा।
जोशी ने कहा कि कम्युनिटी रेडियो की आज व्यापक आवश्यकता है और इस दिशा में सूचना प्रसारण मंत्रालय बड़ी भूमिका निभा सकता है।
मुख्य अतिथि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा, "मैं जोशी जी की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने स्पष्ट शब्दों में हमें अपने दायित्वों का अहसास दिलाया है। मुझे विश्वास है कि मेरे मंत्रालय के जो अधिकारी यहां बैठे हैं वे ऑफिस जाकर इस योजना पर मुहर लगाएंगे।"
कार्यशाला में ग्रामीण रोजगार और पंचायत राज मंत्रालय के राज्य मंत्रियों प्रदीप जैन आदित्य और आगाथा संगमा ने भी अपने विचार रखे।
दो दिन तक चलने वाली इस कार्यशाला में दूरदर्शन, आकाशवाणी, युवा व खेल मंत्रालय एवं एनआईसी के अधिकारी, पंचायतों के प्रतिनिधि, चुने हुए जिलों के कलेक्टर, डीआरडीओ के अधिकारी तथा गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications