नक्सलियों ने सलवा जुडूम नेता को गोलियों से भूना
रायपुर, 22 जुलाई (आईएएनएस)। नक्सलियों ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नागरिक सेना 'सलवा जुडूम' के एक प्रख्यात नेता को गोलियों से भून दिया।
पुलिस के अनुसार 55 वर्षीय रघु सिंह बीजापुर जिले के भोपालपत्तनम इलाके में सलवा जुडूम आंदोलन का नेतृत्व संभाल रहे थे। नक्सलियों ने उन्हें उनके ही इलाके में गोली मार दी। उन्होंने कुछ ही हफ्ते पहले खुद की जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक अविनाश मोहंती ने बताया कि नक्सलियों ने रघु सिंह को घेर लिया, उनके शरीर को गोलियों से छलनी कर दिया, फिर गला भी रेत दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोहंती ने सिंह द्वारा पुलिस सुरक्षा मांगे जाने की जानकारी होने से इंकार करते हुए कहा, "मुझे जानकारी नहीं है कि उन्होंने पुलिस सुरक्षा के लिए आवेदन भेजा था।"
सिंह वर्ष 2005 में सलवा जुडूम आंदोलन शुरू करने वाले महेंद्र कर्मा के निकट सहयोगी थे।
उनकी हत्या से भोपालपत्तनम इलाके में भय का माहौल है। यह इलाका राजधानी रायपुर से 520 किलोमीटर दक्षिण में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications