परियोजना कार्यो में गुणवत्ता पर ध्यान दें : शीला
दिल्ली सचिवालय में राष्ट्रमंडल खेल की परियोजनाओं से जुड़े पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को संबोधित करते हुए दीक्षित ने तीन स्टेडियम समय से पहले पूरा करने के लिए पीडब्ल्यूडी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर काम का दबाव ज्यादा होने के कारण स्ट्रीट स्केपिंग कार्य नहीं किया जा सका है, जिसे जल्द पूरा किया जाए।
दीक्षित ने पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए गए त्यागराज स्टेडियम की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथियों का कड़ाई से पालन किया जाए। सितंबर के दौरान हरियाली का काम पूरा किया जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रमंडल खेल गांव और सभी आयोजन स्थलों की ओर जाने वाली और आसपास की सड़कों पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए, क्योंकिअगर कुछ कमी रह गई तो इससे देश की प्रतिष्ठा पर आंच आ सकती है। इन सड़कों से 71 देशों के खिलाड़ी और अधिकारी यात्रा करेंगे।
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी को राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी निभानी हैं। उन्होंने घोषणा की कि खेलों के सफल आयोजन के बाद सभी इंजीनियरों को एक माह का अतिरिक्त वेतन देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री राज कुमार चौहान ने कहा कि 90 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्ट्रीट स्केपिंग के बचे हुए काम जल्द पूरे किए जाएंगे।
इस मौके पर सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता, मुख्य सचिव राकेश मेहता, पीडब्ल्यूडी के प्रधान सचिव के.के. शर्मा आदि मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications