सोहराबुद्दीन मामले में चयनित खबरें लीक कराई जा रही हैं : भाजपा
नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बहुचर्चित सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले में चयनित खबरें मीडिया के माध्यम से लीक कराए जाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के राजनीतिक दुरुपयोग पर आवश्यक कदम उठाएगी।
इस मामले में सीबीआई द्वारा गुजरात के गृह राज्यमंत्री अमित शाह को सम्मन भेजे जाने के सवाल पर भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पहले की दो जांचों में शाह का नाम नहीं था।
उन्होंने कहा, "क्या कानूनी कार्रवाई करनी है, यह तो शाह को तय करना है लेकिन इस मामले की कुछ सच्चाइयां ये भी हैं कि गुजरात सरकार और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इसकी जांच की थी। इन जांचों में शाह का नाम कहीं नहीं था।"
उन्होंने कहा, "सीबीआई के दुरुपयोग के मामले में भाजपा आवश्यक राजनीतिक कदम उठाएगी।"
उल्लेखनीय है कि सीबीआई द्वारा सम्मन किए जाने के बावजूद शाह गुरुवार को सीबीआई के समक्ष उपस्थित नहीं हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications