इराक पर हमला अवैध था: क्लेग
लंदन, 22 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री निक क्लेग का कहना है कि इराक पर हमला अवैध था। उनके इस बयान से यहां की गठबंधन सरकार की नीति पर संदेह पैदा हो गया है।
स्थानीय समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के अनुसार क्लेग के इस बयान पर गठबंधन सरकार की नुमाइंदगी कर रही कंजरवेटिव पार्टी के सांसदों ने कड़ी नाराजगी जताई है। उल्लेखनीय है कि 2003 में इराक पर हमले के लिए मौजूदा प्रधानमंत्री और कंजरवेटिव नेता डेविड कैमरन ने भी संसद में मतदान किया था।
लिबरल डेमोक्रेटिक नेता क्लेग बुधवार को कैमरन की गैरमौजूदगी में सरकार का पक्ष संसद में रख रहे थे। उन्होंने यह बयान पूर्व विदेश मंत्री और लेबर पार्टी के नेता जैक स्ट्रॉ के साथ बहस के दौरान दिया। उनके इस बयान से प्रधानमंत्री कार्यालय ने किनारा कर लिया है और इसे क्लेग की निजी राय करार दिया है।
इराक पर हमले के समय ब्रिटेन के विदेश मंत्री रहे स्ट्रॉ के बारे में क्लेग ने कहा, "उन्हें याद करना होगा कि सबसे भयावह फैसले में उनकी क्या भूमिका थी। क्या वह इराक पर अवैध हमले की जिम्मेदारी स्वीकार करेंगे।"
गौरतलब है कि सद्दाम हुसैन की सत्ता पर हमला बोलने का ब्रिटेन में सिर्फ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ने विरोध जताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications