दिल्ली के युवाओं को प्रशिक्षण देगी भारती वॉल-मार्ट
नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने गुरुवार को राजधानी में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए छोटी अवधि के प्रशिक्षम कार्यक्रम चलाने के लिए भारती वॉल-मार्ट के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है।
दिल्ली के प्रशिक्षण एवं प्रौद्योगिकी शिक्षा विभाग ने भारती वॉल-मार्ट के साथ इस उद्देश्य के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए। इससे पहले 21 जून को मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
समझौते पर हस्ताक्षर के अवसर पर मौजूद मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने पत्रकारों से कहा, "राजधानी में कुशल मानव संसाधनों की कमी है लेकिन राज्य सरकार इस कमी को दूर करने के लिए संकल्पबद्ध है। इस समझौते से दिल्ली में रोजगार बढ़ाने में मदद मिलेगी।"
दीक्षित ने पश्चिमी दिल्ली में पूसा रोड पर भारती वॉल-मार्ट के वीर सावरकर आधार प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया।
अधिकारियों ने कहा कि इस केंद्र में प्रशिक्षण लेने वाले प्रत्याशियों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस केंद्र में प्रतिमाह करीब 25 लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष और कार्यकारी निदेशक रंजन भारती मित्तल ने कहा कि खुदरा क्षेत्र विकास के इंजन के रूप में उभर रहा है और इस तरह के कार्यक्रमों से इस क्षेत्र में कुशल कर्मचारी तैयार करने में मदद मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications