बलात्कार के आरोप में प्राचार्य गिरफ्तार (लीड-1)
हैदराबाद के बाहरी इलाके विकाराबाद के निकट मन्नेगुदा स्थित पार्कवुड इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य शहाबुद्दीन अयूब के विरुद्ध बलात्कार और धमकी देने का आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
सेंट्रल क्राइम स्टेशन (सीसीएस) के पुलिस उपायुक्त जे. सत्यनारायण के अनुसार शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी गई है। सीसीएस के अधिकारी प्राचार्य से पूछताछ और मामले से संबंधित साक्ष्य इकट्ठा कर रहे हैं।
पीड़ित छात्रा के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि एक साल के भीतर प्राचार्य ने छात्रा के साथ कई बार बलात्कार किया।
परिजनों के मुताबिक प्राचार्य ने इस घटना का जिक्र किसी से करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। छात्रा के परिवार ने उसके गभर्वती होने के बाद पुलिस में शिकायत दी।
जांच अधिकारी ने स्कूल, प्राचार्य के घर तथा अन्य स्थानों का मुआयना किया, जहां छात्रा का यौन शोषण किया गया।
पीड़ित छात्रा के परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। भीड़ इतनी बढ़ गई कि पुलिस एवं निजी सुरक्षा कर्मियों को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। लोगों ने परिसर में घुसकर तोड़फोड़ भी की।
महिलाओं के संगठनों ने भी दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की है।
स्कूल के अधिकारियों ने हालांकि प्राचार्य के विरुद्ध लगे आरोप से इंकार किया है और कहा है कि स्कूल को बदनाम करने की कोशिश की गई है, क्योंकि इसकी शाखाएं मध्य-पूर्व में भी हैं।
इस बीच, शिक्षा विभाग ने भी प्राचार्य के विरुद्ध जांच का आदेश दिया है।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री डी. माणिक्य वाराप्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि यदि जरूरी हुआ तो वह केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) को इस स्कूल की मान्यता खत्म करने के लिए पत्र लिखेंगे।
मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे स्कूलों के खिलाफ कड़े कदम उठाएगी। उन्होंेने कहा, "कुछ स्कूलों का मकसद सिर्फ पैसे बटोरना है, उन्हें बच्चों के कल्याण से कोई लेना-देना नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications