बिहार में छात्रों पर दागे आंसू गैस के गोले
छात्र राजद के कार्यकर्ताओं ने शिक्षकेतर कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे सहित कई अन्य मांगों को लेकर पटना की सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया। इसी दौरान छात्र आर-ब्लॉक के पास जमा हो गए और विधानसभा की तरफ बढ़ने लगे।
पुलिस के अनुसार आर-ब्लॉक के मुख्यद्वार के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने। छात्रों ने आर ब्लॉक के मुख्य दरवाजे को भी तोड़ दिया तथा वे विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया तथा प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी के फव्वारे तथा आंसू गैस के गोले दागे।
उधर, प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि पुलिस के लाठी चार्ज से प्रदेश छात्र अध्यक्ष स्वदेश कुमार समेत 10 से ज्यादा छात्र घायल हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे बक्सर जिला छात्र राजद के अध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि पुलिस की इस बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के खिलाफ पूरे राज्य में आंदोलन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बिहार के विश्वविद्यालयों के शिक्षकेतर कर्मचारी इस महीने की शुरुआत से ही अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications