चंद्रमा के खनिजों में पानी के सबूत मिले
वाशिंगटन, 22 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी भूवैज्ञानिकों के एक दल ने अपोलो यान द्वारा चंद्रमा की सतह से लाए गए पत्थरों के टुकड़ों में मौजूद खनिजों में हाइड्रोजन बंध की उपस्थिति साबित की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक कैलिफोर्निया के प्रौद्योगिकी संस्थान के भूवैज्ञानिकों ने टेनेसी विश्वविद्यालय के अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अपोलो यान द्वारा लाए गए खनिजों में पानी के सबूत प्राप्त किए हैं।
उन्होंने हालांकि कहा कि उन्हें एच2ओ मोलिक्यूल के रूप में पानी नहीं मिला है बल्कि उन्होंने हाइड्रोजन के ओएच ऋणात्मक आयन से बने हाइड्रोजन बंध प्राप्त किए हैं।
शोध के निष्कर्षो को नेचर पत्रिका के इस सप्ताह के अंक में प्रकाशित किया गया है।
भू-रसायन विज्ञान के प्रोफेसर और इस शोध के सह लेखक जान इलर ने कहा, "चंद्रमा को सामान्यत: हाइड्रो पदार्थो से रहित माना जाता है लेकिन वहां पानी है।"
कैलिफोर्निया के प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर जार्ज रोसमन ने कहा, "रासायनिक रूप से हाइड्राक्साइड पानी का एकदम करीबी है।"
इन खनिजों को 1971 में अपोलो यान के चंद्रमा अभियान के दौरान एकत्रित किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications