महिला विधायक का विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में हंगामा
भोपाल, 22 जुलाई (आईएएनएस) । मध्य प्रदेश में अशासकीय संकल्प स्वीकार न किए जाने से नाराज कांग्रेस की महिला विधायक कल्पना पारूलेकर ने विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रेाहाणी के कक्ष में जमकर हंगामा किया और उन पर पक्षपात का आरोप लगाया।
मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में पहले तीनों दिन हंगामे की भेंट चढ़ गए। चौथे दिन की कार्यवाही सामान्य रूप से चली, मगर कांग्रेस विधायक कल्पना पारूलेकर ने विधानसभा अध्यक्ष रोहाणी के कक्ष में पहुंचकर जमकर अनर्गल प्रलाप किया और उनपर तानाशाह होने तक का आरेाप लगा डाला।
पारूलेकर का आरेाप है कि उन्होंने मार्च के सत्र में किसानों की समस्याओं को लेकर अशासकीय संकल्प लाया था, जिसे बाद में कार्य सूची से हटा दिया गया था। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई तो विधानसभा अध्यक्ष ने अगले सत्र में उसे स्वीकार करने की बात कही थी। इस बार भी उसे कार्यसूची में शामिल नहीं किया गया है।
रोहाणी ने कहा है कि वह ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि वह विधायक और उन्हें सदबुद्धि प्रदान करें। उन्होंने कहा कि वह भी इंसान हैं। उनसे भी गलती हो सकती है। उन्होंने कहा कि फिर भी वह विधानसभा की कार्यवाही का परीक्षण कराएंगे। किसी को भी अपनी बात रखने के लिए शालीन तरीका अपनाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications