सोहराबुद्दीन मामला : सीबीआई के समक्ष पेश नहीं हुए शाह (लीड-2)

गांधीनगर, 22 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के गृह राज्य मंत्री अमित शाह गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के समक्ष पेश नहीं हुए। सीबीआई ने वर्ष 2005 में अहमदाबाद में कथित फर्जी मुठभेड़ में हुई सोहराबुद्दीन शेख की हत्या से जुड़े मामले में उनको समन भेजा था।

सीबीआई ने बाद में दूसरा नोटिस भेजकर उनको शुक्रवार दोपहर एक बजे तक एजेंसी के सामने पेश होने का निर्देश दिया है।

इससे पहले राज्य सरकार के आधिकारिक प्रवक्ता और स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास ने कहा कि कानून की प्रक्रिया का पालन किया जाएगा, इससे संकेत मिला था कि शाह गुरुवार को सीबीआई के समक्ष पेश होंगे।

सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी माने जाने वाले शाह को समन देने के लिए सीबीआई पिछले तीन दिनों से प्रयासरत थी। अंत में समन की एक प्रति उनके आवास के बाहर लगा दी गई और दूसरी उनके कार्यालय में भेजी गई।

शाह पर शेख की हत्या में शामिल पुलिसकर्मियों को फोन करने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि शेख लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी था। सूत्रों ने कहा कि सीबीआई ने फर्जी मुठभेड़ मामले में मंत्री की भूमिका को साबित करने के लिए फोन रिकार्ड एकत्र किए हैं।

गुजरात के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने शेख को 26 नवंबर 2005 को एक कथित फर्जी मुठभेड़ में मार गिराया था। उसकी पत्नी कौसर बी तभी से लापता है।

इस वर्ष 12 जनवरी को सर्वोच्च न्यायालय ने कथित फर्जी मुठभेड़ में शामिल गुजरात और राजस्थान के पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया। इस संबंध में एक फरवरी को मामला दर्ज किया गया।

अब तक इस मामले में 15 पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

शेख के भाई रुबाबुद्दीन ने अपनी याचिका में कहा कि उसके भाई और भाभी को पुलिस ने 25 नवंबर 2005 को उस समय पकड़ लिया जब वे हैदराबाद से नासिक जा रहे थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+