दुष्कर्म के आरोपी का नेपाली राजशाही खानदान से संबंध नहीं
काठमांडू, 22 जुलाई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया में एक 44 साल की महिला के साथ बलात्कार के आरोपी 21 साल के युवक का नेपाल के राजशाही खानदान से संबंध होने का दावा झूठा है। नेपाल में अधिकारियों और विशेषज्ञों ने उसके दावे का खंडन किया है।
सिडनी में घर-घर में खाना पहुंचाने का काम करने वाले अमित हमाल पर गत शुक्रवार की रात एक महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप है। इसके बाद उसने नेपाल के निष्काषित राजवंश से अपने संबंधों का दावा किया था।
नेपाल के पूर्व राजा पारस बीर बिक्रम शाह के आवास निर्मल निवास के अधिकारियों ने आईएएनएस से गुरुवार को कहा कि इस नाम के किसी भी व्यक्ति का राजवंश से कोई संबंध नहीं है।
नेपाली साप्ताहिक जन आस्था के संपादक किशोर श्रेष्ठ ने भी किसी ऐसे व्यक्ति का राजशाही खानदान से संबंध होने के बारे में इंकार किया।
श्रेष्ठ ने कहा, "शाही शाह परिवार की शादियां सिंह, शाही और बासनेत्स जैसी जातियों में हुई हैं। लेकिन हमाल के साथ किसी तरह का संबंध नहीं है क्योंकि वह दूसरी जाति है। मुझे हमाल और पूर्व राजशाही परिवार के साथ कोई संबंध नजर नहीं आता।"
श्रेष्ठ के अनुसार, अवैध तरीके से विदेश जाने वाले या वहां प्रवास की इच्छा रखने वाले नेपालियों के लिए राजशाही परिवार या माओवादियों के साथ संबंध जोड़ लेना आम बात है। वे यह कहकर क्षमा मांग लेते हैं कि नेपाल वापस भेजे जाने की स्थिति में उनकी जान को खतरा है।
अमेरिका में एक हत्या के मामले में गिरफ्तार एक 27 वर्षीय नेपाली युवक ने भी पिछले साल अपने आपको इसी तरह नेपाल के राजशाही परिवार से जुड़ा हुआ बताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications