पावर ग्रिड के सार्वजनिक निर्गम को मंजूरी मिली
कंपनी अब आधार पूंजी की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए सार्वजनिक निर्गम लाएगी। इसमें सरकार की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी का विनिवेश किया जाएगा और 10 प्रतिशत हिस्सेदारी नए शेयरों के रूप में जारी की जाएगी।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज पर गुरुवार को कंपनी के शेयर भाव 105.50 रुपये के अनुसार 20 प्रतिशत हिस्सेदारी की कीमत लगभग 8,500 करोड़ रुपये है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समूह की बैठक के बाद सरकार ने कहा, "पावर ग्रिड कार्पोरेशन के विस्तार के लिए जरूरी अतिरिक्त पूंजीगत संसाधन जुटाने के लिए सार्वजनिक निर्गम जारी किया जाएगा।"
ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना (2007-12) के अनुरूप कंपनी को विस्तार कार्यो के लिए 4,200 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। यह सार्वजनिक निर्गम जारी करने के लिए कंपनी को नियामक की मंजूरी लेनी होगी।
इससे पहले पावर ग्रिड अक्टूबर 2007 में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी नए शेयरों के रूप में और सरकार की पांच प्रतिशत हिस्सेदारी का विनिवेश कर चुकी है।
सरकारी क्षेत्र की यह कंपनी विद्युत वितरण के क्षेत्र में कार्यरत है। देश भर में इसकी वितरण लाइनों के 71,600 कंडक्टर लगे हैं।
देश की करीब 45 प्रतिशत विद्युत आपूर्ति पावर ग्रिड की लाइनों के जरिए ही होती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications