खराब मौसम की वजह से अमरनाथ यात्रा बाधित
श्रीनगर, 22 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की यात्रा खराब मौसम की वजह से गुरुवार को रोकनी पड़ी और श्रद्धालुओं को उत्तरी तथा दक्षिणी कश्मीर में बने आधार शिविरों पर ही रोक लिया गया।
गांदेरबल के पुलिस अधीक्षक इम्तियाज हुसैन ने बताया, "उत्तरी कश्मीर के बालतल शिविर में यात्रियों का एक जत्था रुका हुआ है।"
हुसैन ने बताया, "बालतल शिविर में लगभग 3,000 श्रद्धालु और मनीगाम शिविर में 2,500 श्रद्धालु रुके हुए हैं। मौसम साफ होने पर यात्रा शुरू की जाएगी।"
दक्षिणी कश्मीर के नुनवान आधार शिविर की ओर से पवित्र गुफा की ओर बढ़ने वाले श्रद्धालुओं को रोक दिया गया है। आधार शिविर के अधिकारी तास अली ने बताया, "करीब 2000 यात्री नुनवान में रुके हुए हैं।"
मौसम विभाग ने बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावाना व्यक्त की है।
अब तक 250,000 से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। यह यात्रा एक जुलाई से शुरू हुई थी और 25 अगस्त को समाप्त होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications